अंबेडकर जयंती पर बालोतरा में जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित, सामाजिक न्याय पर हुआ मंथन
बालोतरा, 13 अप्रैल। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सोमवार को राजकीय अंबेडकर छात्रावास, बालोतरा में जिला प्रशासन की ओर से एक दिवसीय जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंबेडकर जी की जीवनी, उनके सिद्धांतों, मूल मंत्रों तथा भारतीय संविधान में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई।संगोष्ठी के दौरान सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और भारतीय संविधान विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान प्रस्तुत किए। साथ ही बाबा साहेब के जीवन पर आधारित विभिन्न चलचित्रों का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उपस्थित जन प्रेरित हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अरुण चौधरी ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत लाभार्थियों को 51 हजार रुपये के चेक वितरित किए। इसके अलावा दिव्यांगजन को जीवन को सुगम बनाने हेतु ट्राई साइकिल जैसे सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए।
पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज व राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर जी के विचार आज भी समाज सुधार के लिए प्रासंगिक हैं।
गोविंद मेघवाल ने अंबेडकर पंचतीर्थों की जानकारी देते हुए “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के मूल मंत्र को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। वहीं पूर्व मंत्री गोपाराम मेघवाल ने अंबेडकर जी के संघर्ष, शिक्षा और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए आमजन को प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर त्रिलोक माली, बाबूलाल नामा, रामचंद्र डांगी, नेमीचंद बारूपाल, शंकरलाल गर्ग, कृष्ण कुमार, विकास कुमार, छात्रावास अधीक्षक खेमाराम चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं छात्र उपस्थित रहे।
