बालोतरा, 25 अप्रैल। पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना के अनुमोदन को लेकर शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों से प्राप्त कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वन विभाग के पूर्व आवंटित बजट की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 13 लाख रुपये के बजट में से 8 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, 3 लाख रुपये की प्रक्रिया जारी है, जबकि 2 लाख रुपये के कार्य गाइडलाइन के अनुरूप नहीं होने के कारण लंबित हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 50 लाख रुपये के कार्यों की योजना तैयार कर जिला स्तरीय समिति से अनुमोदित की गई। इसके अलावा “एक जिला एक खेल क्रिकेट” योजना के तहत जिले के 11 ब्लॉकों के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जिला खेल अधिकारी को दिए गए।
उद्यानिकी विभाग द्वारा “एक जिला एक उत्पाद – अनार” के अंतर्गत नवंबर 2026 में अनार महोत्सव आयोजित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे चर्चा उपरांत मंजूरी दी गई।
वहीं, “एक जिला एक उत्पाद टेक्सटाइल” योजना के तहत बिठूजा औद्योगिक क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण एवं डिजिटल टेक्सटाइल प्रिंटिंग सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
पर्यटन विकास के तहत नाकोड़ा जैन मंदिर क्षेत्र में उत्सव एवं प्रदर्शनी से संबंधित गतिविधियों के लिए 10 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। इस संबंध में आवश्यक संशोधन हेतु संबंधित अधिकारी को जिला कलक्टर से चर्चा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में सभी प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त करते हुए राज्य स्तर पर भेजने के निर्देश दिए गए।
