शाइन टुडे @सिवाना न्यूज:
18 जनवरी 2026: मोकलसर रोड स्थित आशापुरा माताजी मंदिर परिसर में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। नगर से करीब दो हजार से अधिक हिंदू समाज के लोगों ने भाग लिया, जिससे आयोजन स्थल जनसमूह से भर गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर सिवाना गादीपति नृत्य गोपालराम महाराज ओर गोपालरामजी महाराज एवं वेदांताचार्य डॉ. ध्यानाराम महाराज का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। आयोजन स्थल को भगवा ध्वज, बैनर और सांस्कृतिक प्रतीकों से सजाया गया था।
सम्मेलन से पूर्व सदर बाजार से वाहन रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर मंदिर पहुंची। वक्ताओं ने अपने संबोधन में हिंदू समाज की एकता, संगठन और संस्कारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को जाति-वर्ग से ऊपर उठकर संस्कृति के सूत्र में बंधना होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक ही पंडाल के नीचे आयोजित सामाजिक समरसता महाभोज रहा, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इससे समानता और भाईचारे का भाव मजबूत हुआ।वेदांताचार्य डॉ. ध्यानाराम महाराज ने सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि आधुनिकता की दौड़ में हम अपनी परंपराओं को भूल रहे हैं। बच्चों-युवाओं को संस्कृति, भाषा, परंपराओं और त्योहारों से जोड़ना समय की जरूरत है। घर-घर में संस्कारों की शिक्षा दी जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी जड़ों से जुड़ी रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ।
