शाइन टुडे@सिवाना न्यूज: लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का गंभीर मामला सिवाना विधानसभा क्षेत्र से सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के सिवाना विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 171 (मवड़ी) के अधिकृत एजेंट (बी.एल.ए.) दीने खां पुत्र कासु खां, निवासी नालापार रबारीयो का वास, मवड़ी तहसील सिवाना ने पुलिस थाना सिवाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
दीने खां ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा निर्वाचन आयोग के प्रपत्र संख्या 7 में उनके नाम और निवास स्थान का गलत उपयोग कर "श्रीगंगानगर" निवासी दर्शाते हुए कूटरचित तरीके से नाम हटाने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे वोट चोरी की साजिश बताते हुए धोखाधड़ी, मानहानि तथा सरकारी व संवैधानिक संस्थाओं को गलत सूचना देकर गुमराह करने का गंभीर अपराध बताया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग में सभी आपत्तियां फॉर्म-7 के माध्यम से ऑनलाइन ली जाती हैं तथा हार्डकॉपी शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत की जाती है, लेकिन उनके नाम से बिना किसी जानकारी व सहमति के आपत्ति दर्ज कर दी गई। इस प्रक्रिया के तहत बूथ में मतदाता संख्या 59 रुखसाना पुत्री हमीर खान (आईडी: YGI 1446988), मतदाता संख्या 620 खमीश पुत्र पुनम खां (RJ/23/175/268143) तथा मतदाता संख्या 621 बाबुखां पुत्र पुनम खां (RJ/23/175/268267) के नामों से फॉर्म भरे जाने का आरोप लगाया गया है।
दीने खां ने बताया कि उपरोक्त सभी मतदाता उसी गांव के निवासी हैं, लेकिन उनके नाम का गलत उपयोग कर झूठी आपत्तियां देने से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की निष्पक्ष प्रक्रिया पर आघात करार दिया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वोट चोरी जैसे कूटरचित प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था की पवित्रता बनी रहे।
