बालोतरा, 2 अक्टूबर। विजयदशमी का पावन पर्व गुरुवार को बालोतरा शहर में हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक इस त्यौहार पर मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया।
शाम ढलते ही हजारों की संख्या में एकत्रित श्रद्धालु “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों के बीच दशानन रावण के पुतले को जलते हुए देखने पहुंचे। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण पर विजय प्राप्त की, पूरा मैदान आतिशबाजी की रोशनी और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह के साथ भाग लिया। रंग-बिरंगी रोशनी, आतिशबाजी और धार्मिक संगीत ने वातावरण को और अधिक भव्य बना दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने दशहरे के संदेश “सत्य की सदैव विजय होती है और असत्य का अंत निश्चित है” को आत्मसात करने का आह्वान किया।
नगरवासियों ने इस उत्सव को समाज में बुराइयों पर अच्छाई की जीत का प्रतीक मानकर पूरे उल्लास से मनाया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अरुण चौधरी, जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक रमेश, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, उपखंड अधिकारी अशोक कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
वहीं आज सिवाना कस्बे में आज गुरुवार को असत्य पर सत्य की विजय का पर्व विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। सूर्यास्त पूर्व रावण व उनके परिजनों के पुतलों का दहन किया गया। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई। सिवान कस्बे में नगर पालिका के तत्वावधान में विजयादशमी पर्व धूमधाम बड़ी धूमधाम से मनाया गया। सदर बाजार से शाम को भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान शोभायात्रा के साथ शीतलामाता मैदान प्रांगण पहुंचे। सूर्यास्त पूर्व करीब 50 फीट के रावण व कुंभकरण व मेघनाथ के करीब 40-45 फिट के पुतलों का दहन किया गया। रावण दहन के समय सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल के साथ उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह खंगारोत ने बटन दबाकर रावण दहन किया। शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस जाता तैनात रहा
इस मौके पर सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, सुरेन्द्र सिंह खंगारोत उपखंड अधिकारी , हुकुम सिंह खींची कुशीप सरपंच, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष रामनिवास आचार्य, सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।