मंत्री ने स्कूल भवन निर्माण, टीनशैड एवं सड़क की घोषणा की।
पोकरण/ जैसलमेर। अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री शाले मोहम्मद शनिवार को पोकरण विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत नेडान की हायर सेकेंडरी स्कूल एवं शहीद उमेद सिंह राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल सत्याया के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम एवं भामाशाह सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास कर जनता को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाकर राहत देना प्रथम उद्देश्य है। वर्तमान कार्यकाल में शिक्षा, चिकित्सा, बिजली एवं पानी के साथ साथ सड़कों के क्षेत्र में कई बड़े कार्य करवाए गए हैं। जहां-जहां जरूरत महसूस हुई वहां की स्कूल को क्रमोन्नत किया है। ब्लॉक पर कॉलेज, छात्रावास, पोकरण में कन्या महाविद्यालय, भणियाणा में आवासीय विद्यालय शुरू कराए हैं। बच्चों को शिक्षा के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री अनुप्रति योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग व्यवस्था, रहने के लिए 40 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। मंत्री ने नेडान स्कूल में भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए एवं सत्याया में टीनशैड एवं कॉन्फ्रेंस हॉल देने की घोषणा की। नेडान में जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने जीएसएस की मांग की इस पर मंत्री ने नए जीएसएस स्वीकृत करवाने एवं आस्कन्दरा में ग्रामीणों ने सड़क की मांग की इस पर मंत्री ने सड़क निर्माण कराने की घोषणा की।
-जनसुनवाई में प्राप्त परिवेदनाएं, सड़क एवं जीएसएस की घोषणा; अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़, उपनिवेशन मंत्री शाले मोहम्मद ने भागू का गांव, मंडाई, नेडान, सत्याया, आस्कन्दरा, नाचना सहित अन्य कई स्थानों पर जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मंत्री ने नेडान में जीएसएस खोलने एवं आस्कन्दपरा-छायण सड़क स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान कर राहत देने के लिए कृत संकल्प हैं।
