ननेऊ मदरसा में मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत 25 लाख देने की घोषणा की
फलौदी/ पोकरण। अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री शाले मोहम्मद ने फलौदी विधानसभा क्षेत्र के ननेऊ मदरसा में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के अल्पसंख्यक समुदायों की बेहतरी के लिए अल्पसंख्यक मामलात विभाग में कई नवाचार किए जा रहे हैं। अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र में राजकीय अल्पसंख्यक बालक-बालिका आवासीय विद्यालय, अल्पसंख्यक छात्रों के लिए छात्रावास, मुख्यमंत्री अनुप्रिति योजना, शैक्षिक ऋण सरीखी योजनाएं चलाई जा रही है। मदरसों में आधुनिक शिक्षा एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत भवन निर्माण, स्मार्ट क्लास रूम, कंप्यूटर, फर्नीचर, पाठ्यपुस्तक सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
राजस्थान मदरसा बोर्ड से पंजिकृत मदरसों में अध्ययन करने वाले छात्रों के लिए राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल से अनुबंध कराया है अब 12वीं तक की स्कूली शिक्षा भी नि:शुल्क मिल सकेगी। नामांकित बच्चों का बीमा राज्य सरकार द्वारा कराया गया है। मदरसों में तमाम प्रकार की सुविधाएं देकर बेहतर मुस्तकबिल के लिहाज़ से बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री ने बालिका मदरसा ननेऊ के लिए मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। इससे पहले मंत्री ने फलौदी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उनके साथ श्रम मंत्री सुखराम विश्नोई, लोहावट विधायक किशनाराम विश्नोई , भजनलाल विश्नोई सहित अन्य जनप्रतिधि मौजूद रहे।
