उपनिवेशन मंत्री ने सुथार मंडी में किसानों की समस्साएं सुन समाधान का भरोसा दिलाया।
पोकरण/ जैसलमेर। अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री शाले मोहम्मद रविवार को मोहनगढ नहरी क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सुथारवाला मंडी में किसानों के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार किसानों के उत्थान एवं समावेशी विकास के लिए कृत संकल्प है। किसानों के लिए इतिहास में पहली बार अलग से बजट पेश किया गया। बजट में किसानों के उत्थान के लिए विभिन्न प्रकार की बड़ी घोषणाएं कर कई सौगातें दी है। द्वितीय फेज के लिए 600 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है जिससे नहरी क्षेत्र, खालो का निर्माण सहित विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां नहर आने से क्षेत्र के किसानों की तक़दीर बदल गई है, जमाने मे यह क्षेत्र सूखा था, आज नखलिस्तान है। उन्होंने नहर सर्वे करने वाले अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि पहले पूर्वी राजस्थान के लोग कहते थे कि उनका पैसा पश्चिमी राजस्थान पर खर्च हो रहा है। अब स्थितियां बदली है, नहर आने से सिंचित क्षेत्र हो गया। किसानों के आय के स्रोत बढ़ गए, पशुओं के लिए चारे पानी के इंतजाम भी हो गए। जैसलमेर-बाड़मेर में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा एवं लिग्नाइट तापीय सयंत्र से बिजली का उत्पादन किया जा रहा है।हाल ही में जब देश मे कोयला संकट आया तब सब लोग चिंता में थे कि बिजली का उत्पादन कैसे होगा, ऐसे में यहां की सौर एवं पवन ऊर्जा संयंत्रों से उत्पादित होने वाली बिजली ने चिंता मुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां से इतनी बिजली का उत्पादन होगा कि पूरे देश में भी सप्लाई की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र विकास योजना के तहत पहले शहरों तक कार्य कराए जाते थे, जब वे प्रधान थे उस वक्त उसका विरोध किया। जिसके बाद अब बीएडीपी योजना के तहत सीमांत क्षेत्र में बजट खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अल्पसंख्यक मामलात विभाग के साथ उपनिवेशन एवं जल उपयोगिता विभाग की जिम्मेदारी दी है। इसको लेकर विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभाग से जुड़ी परिवेदनाएं, प्रकरणों पर अध्ययन किया जा रहा है। उनकी मंशा है कि जो जमीन बंजर पड़ी है उसका जल्द ही निस्तारण कर सिंचित क्षेत्र का विकास करें ताकि कृषि का क्षेत्र बढ़ाया जा सके और किसानों को राहत दी जा सके। सरकार ने किसानों के ऋण पर ब्याज के साथ 10 प्रतिशत मूलधन में छूट की है, ये किसानों के लिए बड़ी सौगात है। बजट घोषणापर उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार है जब सीएम ने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर समस्त मंत्रियों को निर्देशित कर दिया है कि जो कार्य त्वरित किये जा सकते हैं उनकी स्वीकृति तीन दिवस में निकालें। अभी बजट सत्र चल रहा है जवाब के दौरान ही स्वीकृतियां दी जा रही है। बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कों के विकास को लेकर कृत संकल्प है।
मंत्री ने जनसुनवाई कर आमजन के अभाव अभियोग सुने; कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने भागू का गांव, नई जावन्ध, जावन्ध ज़नी, सुधन की ढाणी, बासनपीर जूनी, मोहनगढ़, सुथार मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई कर आमजन के अभाव अभियोग सुने एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
