हर परिस्थितियों में डटकर मुकाबला किया एवं विपरीत परिस्थितियों में जीत हासिल की है।
पाली। अल्पसंख्यक मामलात वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण एवं जिला प्रभारी मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा हो या कैसी भी अन्य परिस्थिति, पाली जिले में गरीब, दुखियारी, कमजोर, अनाथ लोगों का हाथ पकड़कर उन्हें सम्बल दिया है तथा समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का जतन किया है। विपरित परिस्थितियों में पाली जिले के भामाशाहों ने भी दिल खोलकर तन, मन, धन से मातृ भूमि के प्रति अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। इसी का परिणाम है कि पाली जिले ने हर परिस्थिति का डटकर मुकाबला किया और विपरित परिस्थितियों पर जीत हासिल की।
जिला प्रभारी मंत्री शाले मोहम्मद बुधवार दोपहर सुमेरपुर पंचायत समिति क्षेत्र के बसंत गांव में भामाशाह परिवार की और से नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएच पुरोहित (रावतसिंह) चैरिटेबल ट्रस्ट की और से गांव के लोगों के लिए उप स्वास्थ्य केन्द्र की सौगात आने वाली दिनों में दुआओं के रूप में फलीभूत होगी। आधुनिक सुविधाओं के साथ उप स्वास्थ्य केन्द्र को संवारे जाने से आगामी दिनों में छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए ग्रामीणों को अन्य चिकित्सा संस्थानों के चक्कर काटने से निजात मिलेगी साथ ही गंभीर व असाधय बीमारियों में भी ग्रामीणों को त्वरित उपचार की सुविधा मिल सकेंगी।
जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि तन, मन, धन से की गई सेवा निश्चित रूप से सुखद फलदायी होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में भामाशाह परिवारों की और से चिकित्सा के क्षेत्र में किया जा रहा योगदान विपरित परिस्थितियों में आमजन को चुनौतियों से पार पाने में मद्द प्रदान करता है। कोरोनाकाल में गुजरे 19 महिनों के दौरान पाली जिले समेत पूरे राजस्थान में यह देखा है कि भामाशाहों ने अपनी कर्म भूमि को छोडकर मातृभूमि की माटी पर रहने वाले अपने लोगों की मद्द में सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। इसी का परिणाम निकला कि सरकारी कौशिशों के साथ भामाशाहों की मद्द से हम इस महामारी से पार पा सके। कोरोनाकाल में आवश्यक दवाओं की पूर्ति से लेकर ऑक्सीजन मुहैया करवाने तक में भामाशाहों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस तरह से गांव के भामाशाह पृथ्वीराजसिंह, घनश्यामसिंह, जगदीशसिंह राजपुरोहित समेत उनके परिवार के सदस्यों ने गांव के सरकारी अस्पताल की दशा व दिशा बदलने में अपना योगदान दिया है। उसी तरह अन्य भामाशाह भी जनकल्याण के क्षेत्र में सरकार की कौशिशों के हम कदम बनेंगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में गरीब की सेवा कल्याणकारी परोपकार है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक में क्रमोनत करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत समेत राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन बीमारियों के दौर में परेशानी का सामना नहीं करे इसके लिए सरकार न सिर्फ अस्पतालों में निःशुल्क जांच के साथ दवा मुफ्त मुहैया करवा रही है बल्कि गंभीर व असाध्य बीमारियों से लड़ने के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना भी लेकर आई है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं, निकायों के प्रतिनिधियों तथा पंचायतराज संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों से सरकार की इन जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की अपील की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भामाशाहों की मद्द से कोरोनाकाल में राज्य सरकार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा ढांचे को इतना मजबूत कर चुकी है कि हमें आगामी समय में बीमारियों से लड़ने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। जिले के सोजत क्षेत्र स्थित बोरनड़ी हादसें का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि भामाशाहों की मद्द से हम किसी भी विकट चुनौती का सामना करने में सक्षम है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोयले की कमी सिर्फ राजस्थान में नहीं है यह पूरे देश का संकट है। बावजूद इसके राज्य सरकार ने त्यौहारी सीजन में बिजली मुहैया करवाने का हर संभव प्रयास किया है। किसानों को भी हर हाल में छह घंटे बिजली मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने 2 अक्टूबर से आरंभ किए गए प्रशासन गांवों व शहरों के संग अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इन शिविरों में ग्रामीणों को उनकी घर की दहलिज पर ही सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने आमजन से इन शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
राज्य सभा सदस्य नीरज डांगी ने कहा कि पाली जिला भामाशाहों की कर्म स्थली है। इस जिले से निकले लोग सुदुर प्रारंतों में भले ही व्यवसायरत हो लेकिन सुख व दूख के समय वे मातृभूमि का कर्ज उतारने के लिए हर समय ततपर रहे है। यही हमारी सामाजिक सदभाव के साथ सौहार्द रूपी पूंजी है। विकट परिस्थितियों के दौरान सुदुर प्रारंतों से लौटकर हमारे भामाशाहों ने जीवटता का परिचय दिया है। बसंत गांव की धरती पर नया रूप लेने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र में भी इसी जीवटता का साक्ष्य देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तन, मन व धन के साथ आज के दौर में किसी इंसान को अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करना भी एक बहुत बड़ी सेवा है। जनप्रतिनिधि महावीर सिंह सुकरलाई ने कहा कि गांव के भामाशाह परिवार ने इस सेवा का बिडा उठाकर गांव के उप स्वास्थ्य केन्द्र को जिस तरह से सवारा है उससे आगामी दिनों में ग्रामीणों को अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी मिल सकेगी। उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध करवाई गई चिकित्सा सुविधाओं के लिए भामाशाह परिवार का साधुवाद जताया।
कार्यक्रम को सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत, जोगेश्वर गर्ग कई प्रमुख गणमान्य लोगों ने संबोधित किया। आरंभ में भामाशाह परिवार के सदस्यों ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं की जानकारी दी तथा मुसिबत के हर दौर में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रभानसिंह भाटी, बाली एएसपी बृजेश सोनी, सुमेरपुर उपखंड अधिकारी ऋषभ मंडल, डीएसपी रजत विश्नोई, जनप्रतिनिधि महावीरसिंह सुकरलाई, शिशुपालसिंह निम्बाडा, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. मिधा, बीसीएमओ डॉ गोविंदसिंह चूंडावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
