मंत्री ने प्रशासन गांवो के संग अभियान एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान का निरीक्षण कर पट्टे बांटे।
पाली। जिले के प्रभारी एवं अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद बुधवार को एक दिवसीय पाली के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार आमजन को एक ही स्थान पर आमजन से जुड़े सभी विभागों के कार्य करने के उद्देश्य से प्रशासन शहरों के संग अभियान एवं प्रशासन गांवों के संग अभियान शुरू किए हैं। अधिकारी आमजन से जुड़े कार्यों को प्री कैंप में चिन्हित कर प्राथमिकता के साथ कार्य कर आमजन को राहत दें। उन्होंने कहा कि सरकार ने नियमों में शिथिलता देकर कार्यों का सरलीकरण किया है। जनता जागरूकता के साथ शिविर में जाकर अपने कार्य करवाकर शिविरों का लाभ लें। मंत्री ने ग्राम पंचायत बलाना पंचायत समिति सुमेरपुर में प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर एवं नगर परिषद पाली के प्रशासन शहरों के संग अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान पट्टे, विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित किए।
उप स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का लोकार्पण किया; मंत्री शाले मोहम्मद ने बसन्त (सुमेरपुर) में राजकीय सरोजदेवी पुरुषोत्तम दास पुरोहित उप स्वास्थ्य केंद्र के नव निर्मित भवन का लोकार्पण कर आमजन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिला स्तर की सुविधाएं सीएचसी, पीएचसी पर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
