शिक्षकों का देश के निर्माण में अहम योगदान: शाले मोहम्मद
पोकरण। अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद शुक्रवार को पोकरण के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने राउमावि पोकरण में स्वर्गीय अमरसिंह चौहान (शिक्षक) की स्मृति में निर्मित जल मंदिर का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का देश के निर्माण में अहम योगदान है। शिक्षक ही देश के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक को हमेशा हर समाज ने सम्मान की दृष्टि से देखा है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक भी आए हैं जिनके कार्यों को उनके जाने के बाद भी याद रखा जाता रहेगा। शिक्षक अमरसिंह चौहान ने बेहतरीन कार्य किए हैं, आज वे इस दुनिया में नहीं है। उनकी स्मृति में जल मंदिर का निर्माण किया गया है। यह पुण्य का कार्य है।
पूर्व मंत्री मदेरणा के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की;
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महिपाल मदेरणा के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद ने चाडी स्थित उनके निवास स्थान पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की एवं परिजनों से मुलाक़ात कर ढांढस बंधाया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी अजय माकन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्व मंत्री हरीश चौधरी सहित अन्य मंत्री एवं कांग्रेस के पदाधिकारी साथ रहे।
