मंत्री ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की।
जयपुर/ जैसलमेर। अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद ने सोमवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के कार्यों का जल्द क्रियान्वयन करें। मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप कार्यों में गति लाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत मदरसों में आधारभूत संरचनाओं के कार्य, सामग्री सहित अन्य कार्य समय पर पूरे करें। छात्रवृत्ति की समीक्षा के दौरान असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि जल्द ही प्रदेश के सभी संस्थाओं जिसमें अल्पसंख्यक समुदायों के विद्यार्थियों के नामांकन हैं ऐसे संस्थाओं के केवाईसी वेरिफिकेशन त्वरित करें, ताकि एनएसपी के अलावा मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के मुताबिक अल्पसंख्यक समुदायों के छात्रों को छात्रवृत्ति से लाभान्वित किया जा सके। राजस्थान अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास सहकारी निगम की ओर से प्रदेश के अल्पसंख्यक समुदायों को दिए गए शिक्षा एवं कारोबारी ऋण की वसूली के लिए मुख्यमंत्री आम ऋण माफी (एमनेस्टी) योजना का प्रचार-प्रसार करें। योजना के तहत पात्र ऋणियों को चिन्हित कर प्रथम चरण में वसूली कराना सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों की एमनेस्टी एवं छात्रवृत्ति के कार्यों में लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। मंत्री ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र में कराए जा रहे छात्रावास, आवासीय विद्यालय, स्वास्थ्य भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूरे कराने के निर्देश दिए। आवासीय छात्रावास एवं आवासीय विद्यालयों को शुरू कर वहां दी जा रही सुविधाओं की नियमित रूप से जांच कराने के निर्देश दिए।
