दिनेश कुमार भील बोले- पहली बार किसी एसडीएम ने हमारे साथ मनाई दीपावली, परिवारों में छाई खुशी
शाइन टुडे@ बालोतरा न्यूज: दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ धोरीमन्ना उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने राजस्व गांव कन्हैयानगर और कातरला की भील बस्तियों में पहुंचकर भील समुदाय के परिवारों के साथ दीपावली मनाई। एसडीएम की इस पहल से बस्ती के लोगों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।
इस दौरान एसडीएम विश्नोई ने ग्राम पंचायत कुम्हारों की बेरी एवं कातरला खिलेरियान में भील समुदाय के लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने परिवारों के आंगन में बैठकर दीप प्रज्वलित किए और ग्रामीणों के साथ चाय पीकर आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने वाघाराम, लक्ष्मण कुमार और खेताराम सहित 24 परिवारों को दीपावली के राशन किट तथा मिठाइयां वितरित कीं।
इसी क्रम में राजस्व गांव कन्हैयानगर की भील बस्ती में भी एसडीएम ने दिनेश कुमार, पोकरराम, नरेन्द्र कुमार और भूराराम भील सहित 30 परिवारों को राशन किट, पटाखे और मिठाइयां वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान कन्हैयानगर निवासी दिनेश कुमार भील ने भावुक होकर कहा कि पहली बार किसी एसडीएम ने हमारी बस्ती में आकर हमारे साथ दीपावली मनाई है। प्रशासन के अधिकारी को अपने बीच पाकर और दीपावली की खुशियां साझा कर हमें बहुत खुशी हुई।
एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई ने कहा कि दीपावली का वास्तविक उद्देश्य हर घर में खुशियों और रोशनी का संचार करना है। समाज के गरीब एवं जरूरतमंद तबकों के परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके साथ खुशियां बांटना प्रशासन की जिम्मेदारी भी है।
एसडीएम की इस पहल की उपखंड क्षेत्र में सराहना हो रही है। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी कातरला खिलेरियान हनुमानराम, जितेंद्र कुमार विश्नोई, , खेमसिंह विश्नोई, सतीश कुमार, अध्यापक राधेश्याम एवं सुजानाराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
