भामाशाह मिठू सिंह ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई स्कूल यूनिफॉर्म
शाइन टुडे @सिवाना न्यूज़: तहसील क्षेत्र के मेली गांव स्थित गुरुकुल विद्या मंदिर में भामाशाह एवं समाजसेवी मिठू सिंह चौहान (शिव शक्ति ऑटोमोबाइल, शिनर, नाशिक) ने विद्यालय में अध्ययनरत सभी बालक-बालिकाओं के लिए स्कूल यूनिफॉर्म की व्यवस्था कर सराहनीय पहल की। उनके इस सहयोग से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।
विद्यालय प्रशासन की ओर से भामाशाह मिठू सिंह का बहुमान कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं व्यवस्थापक मोहन लाल पांचाल ने इस अवसर पर वाटर कूलर के लिए सहयोग करने वाले भामाशाह मांगा राम मालवी तथा टीवी भेंट करने वाले भामाशाह शिवलाल मालवी का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रधानाचार्य मोहन लाल पांचाल ने कहा कि विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए भामाशाहों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य भामाशाहों से भी आगे आकर विद्यालय के विकास एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गांववासी, बालक-बालिकाएं एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय प्रशासन ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
