सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल ने अपने 69वें जन्मदिवस को जनसेवा के रूप में मनाते हुए विधायक विकास निधि से करीब 34.30 लाख रुपये की लागत से 35 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्किल के जीर्णोद्धार कार्य एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का लोकार्पण, नव स्वीकृत पॉलीक्लिनिक पशु चिकित्सालय भवन का शिलान्यास, राव कल्ला रायमल्लोत सर्किल के जीर्णोद्धार एवं विधायक जनसुनवाई केंद्र का लोकार्पण सहित कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल के 69वें जन्मदिवस पर गुरुवार को विभिन्न जनहित एवं विकास कार्यों के साथ भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री 1008 नृत्य गोपाल राम महाराज के करकमलों से डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्किल के जीर्णोद्धार कार्य एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के लोकार्पण के साथ हुआ।
इसके बाद डॉ. लक्ष्मीमल सिंघवी ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में विधायक विकास निधि से करीब 34 लाख 30 हजार रुपये की लागत से 35 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की गई। कार्यक्रम में बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव, सिवाना उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत, सोहनसिंह भायल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में विधायक हमीरसिंह भायल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें अपना सेवक बनने का अवसर दिया है, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।
स्कूटी वितरण के संबंध में विधायक ने कहा कि कई दिव्यांगजन उनसे लगातार स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनका नंबर नहीं आ पा रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने सहयोगियों एवं जिला प्रशासन से चर्चा कर विधायक विकास निधि से स्कूटी वितरण की पहल की। उन्होंने कहा कि यह शुरुआत है और भविष्य में जितने भी पात्र दिव्यांगों की सूची आएगी, सभी को स्कूटी उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर नव स्वीकृत पॉलीक्लिनिक पशु चिकित्सालय भवन का शिलान्यास भी किया गया। साथ ही राव कल्ला रायमल्लोत सर्किल के जीर्णोद्धार कार्य तथा विधायक जनसुनवाई केंद्र का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह, स्नेह मिलन एवं भोजन प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर विधायक को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
