ग्रामीण सेवा शिविरों में योजनाओं का लाभ, मौके पर समस्याओं का समाधान
18 ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में पट्टे, पशु बीमा, मातृ वंदन, पालनहार सहित विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
बालोतरा, 17 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बालोतरा जिले की 18 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही समस्याओं का समाधान करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शुक्रवार को कालुडी, कीतपाल, देवरिया, खीपली खेड़ा, साजियाली पदमसिंह, जवाहरपुरा, रिडिया तालर, करालिया बेरा, बामणी, होडू, थापन, काठाड़ी, बामसीन, मजल, आलपुरा, पुजाबेरी, मीठड़ा खुर्द तथा लोलो की बेरी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, जलदाय, विद्युत तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविरों के दौरान ग्राम पंचायत कीतपाल के निवासी रमजान खां को आवासीय पट्टा जारी किया गया। वहीं पशुपालक मादाराम को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। ग्राम पंचायत साजियाली पदमसिंह में पेयजल पाइप लाइनों को दुरुस्त कर ग्रामीणों को पेयजल समस्या से राहत दिलाई गई। वहीं रिडिया तालर की निवासी रूपादेवी को प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत प्रथम संतान पर 5 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। ग्राम पंचायत करालिया बेरा में रामलाल के दस्तावेजों का सत्यापन कर व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति जारी की गई। वहीं जवाहरपुरा निवासी मदीना के तीन बच्चों को पालनहार योजना से जोड़ा गया, जिससे प्रत्येक बच्चे को प्रतिमाह 1,500 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो सकेगी। इसके अलावा लिखमाराम की बिजली बिल संबंधी शिकायत का मौके पर समाधान करते हुए नया स्मार्ट मीटर लगाया गया।
शिविरों में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की।
