शाइन टुडे @न्यूज सिवाना/बालोतरा, 18 जुलाई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आदर्श गाइडेंस क्लासेज, सिवाना की टीम ने समान पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए 45 दिवसीय निःशुल्क कक्षाओं की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। यह कक्षाएं 21 जुलाई से प्रारम्भ होंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली युवा उचित मार्गदर्शन के अभाव में बड़े शहरों का रुख करने को मजबूर हो जाते हैं। वहां महंगी कोचिंग संस्थाओं में लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाती, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं में निराशा और भटकाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसी समस्या को देखते हुए आदर्श गाइडेंस क्लासेज की टीम ने यह सामाजिक पहल की है।
निःशुल्क कक्षाओं में अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। इनमें व्याख्याता ओमप्रकाश देवासी, जसवंत सिंह भायल, धीरेन्द्र सिंह करनोत, वरिष्ठ अध्यापक कुमार जितेन्द्र जीत, जसवंत सिंह हरियाली, इनायत खान, प्रबोधक पोकर राम सीरवी, अध्यापक प्रवीण कुमार सोनी, कपिल राजपुरोहित तथा कंप्यूटर अनुदेशक हेमंत वैष्णव अपनी सेवाएं देंगे।
उल्लेखनीय है कि यही शिक्षक हाल ही में 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्माइल फाउंडेशन, सिवाना का गठन कर चुके हैं। फाउंडेशन के माध्यम से विद्यालयों में वृक्षारोपण कर 'एक पौधा आज, सुरक्षित कल' अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी की जा रही है।
शिक्षकों की यह पहल शिक्षा और सामाजिक सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतियोगी विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलने के साथ-साथ उनके सफलता के अवसर भी बढ़ेंगे।
