राजस्थान की 69वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता सिवाना में संपन्न,विधायक भायल बोले — शिक्षा के साथ खेल भी गढ़ते हैं सुनहरा भविष्य
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सिवाना में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय हॉकी खेलकूद प्रतियोगिता का आज रंगारंग समापन समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी भविष्य को संवारते हैं और जीवन में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
भायल ने स्वामी विवेकानंद के कथन को उद्धृत करते हुए कहा कि "जिस देश में खेल के मैदान अधिक होंगे, उस देश में अस्पतालों की कम आवश्यकता होगी।" उन्होंने खेलों को जीवन में प्रगति का आधार बताया। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि इतनी विशाल जनसंख्या होने के बावजूद भारत ओलंपिक खेलों की पदक तालिका में अक्सर छोटे देशों से पीछे रहता है। हालांकि उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि वर्तमान भारत सरकार खेलों को महत्व दे रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं देश का नाम रोशन करने वाले हर खिलाड़ी से बात कर उनका उत्साहवर्धन करते हैं और पुरस्कार भी प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान सरकार और भारत सरकार दोनों ही खेलों को महत्व देकर हर खिलाड़ी को अपनी पहचान बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
भायल ने प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। बालक वर्ग में जिला हनुमानगढ़, बालिका वर्ग में जिला नागौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में जयपुर ने द्वितीय, बालक वर्ग में नागौर ने द्वितीय साथ प्राप्त किया।
उन्होंने विजेता और उपविजेता बालक-बालिका दोनों ही टीमों के टीम प्रभारियों, दल नायकों और निर्णायक गणों को भी सम्मानित किया।
समारोह में पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया और सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल, आयोजक विद्यालय और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के सुपुत्र और ओलंपिक खिलाड़ी, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अशोक कुमार ने भी अपनी उपस्थिति से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, भवानी सिंह टापरा, विकास अधिकारी दिनेशसिंह, तहसीलदार रायचंद, जगदीशसिंह पुरोहित, नगसिंह, सोहनसिंह भायल, वीरसिंह सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।