सिवाना, 21 जून।आजादी के बाद पहली बार सिवाना से जोधपुर के लिए रोडवेज की सरकारी बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। शनिवार सुबह कस्बे के बस स्टैंड से विधायक हमीरसिंह भायल ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी, यहां तक कि बारिश भी लोगों के जोश को कम नहीं कर सकी।
इस अवसर पर विधायक भायल ने स्वयं बस में बैठकर यात्रा की शुरुआत की और यात्रियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्रसिंह खंगारोत, जोधपुर-जालोर रोडवेज डिपो के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। विधायक हमीरसिंह भायल ने जानकारी दी कि अब प्रतिदिन दो रूट पर सरकारी बसों का संचालन होगा।
पहला रूट: जालोर से सुबह 7 बजे रवाना होकर 8 बजे सिवाना पहुंचेगी और वहां से जोधपुर के लिए रवाना होकर सवा 10 बजे जोधपुर पहुंचेगी। वापसी में यह बस दोपहर 3 बजे जोधपुर से रवाना होगी।
दूसरा रूट: बागोड़ा से सुबह 7 बजे चलकर 9 बजे सिवाना पहुंचेगी और फिर जोधपुर के लिए रवाना होकर 11 बजे जोधपुर पहुंचेगी। वापसी में यह बस शाम 4:30 बजे जोधपुर से चलकर रात 8:30 बजे बागोड़ा पहुंचेगी।
विधायक भायल ने मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सिवाना क्षेत्र में विकास व सरकारी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने आमजन से सरकारी बसों का अधिक से अधिक उपयोग करने और सहयोग देने की अपील की।
