हुजूर अलैहि सलाम ने मानवता एवं भाईचारे का संदेश दिया: शाले मोहम्मद
जैसलमेर/पोकरण। अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद मंगलवार को जैसलमेर के दौरे पर रहे। मंत्री ने जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर आयोजित विभिन्न स्थानों पर उर्स में शिरकत कर आमजन से रूबरू हुए। मोहनगढ़ स्थित दारुल उलूम फैजे शाह मरदान शाह मदरसा में आयोजित जश्ने ईद मिलादुन्नबी के उर्स के कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि मोहम्मद साहब ने शिक्षा, मानवता, भाईचारा, समानता, ईमानदारी एवं वतन से मोहब्बत का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद साहब ने बताया कि आपका पड़ोसी भूखा सो रहा है और आपके पास एक रोटी है तो उसमें से आधी रोटी पर आपके पड़ोसी का हक़ है। अगर पूरी रोटी खाई तो पड़ोसी का हिस्सा भी खा गए। उन्होंने ईमानदारी एवं मजलूम की मदद करने का कहा है। हमें हुजूर अलैहि सलाम के बताए रास्ते पर चलकर मानवता।
भाईचारे, वतन से सच्ची मोहब्बत एवं शिक्षा की राह पर चलकर समाज एवं देश की तरक़्क़ी में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार शिक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मदरसों में आधुनिक शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत कम्प्यूटर, स्मार्ट क्लास रूम, फर्नीचर, क्लास रूम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को राजस्थान मदरसा बोर्ड से पंजीकृत मदरसों एवं सरकारी स्कूलों में नामांकन करवाकर बच्चों को पढ़ाएं। मंत्री शाले मोहम्मद ने सुजियो की ढाणी चांधन, झाबरा मोहनगढ़, दिलावर का गांव, कुछड़ी सहित अन्य गांवों में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रम में शिरकत की।
