राजमाता कृष्णा कुमारी साहेबा को जयंती पर मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी में किया श्रद्धा से याद
जोधपुर। मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी में आज एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन कर राजमाता कृष्णा कुमारी जी साहिबा को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। राजमाता जी की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके प्रेरणादायी जीवन एवं सामाजिक योगदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अशोक भार्गव, डॉ. रुचिका, श्रीमती डिम्पल प्रजापत, डॉ. समीना खान एवं डॉ. फराह खान ने राजमाता जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा बताए गए मूल्यों एवं मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के डीन (स्पोर्ट्स एंड पब्लिक रिलेशन्स) डॉ. सैयद मोईनुल हक़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजमाता साहिबा एवं राजपरिवार के संबंध सदैव मारवाड़ के आमजन से आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण रहे हैं। यही कारण है कि आज भी मारवाड़ का प्रत्येक व्यक्ति राजपरिवार से भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ महसूस करता है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने राजमाता जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
