केंद्र सरकार महंगाई रोकने में नाकाम, आमजन बेहाल: शाले मोहम्मद
पोकरण/जैसलमेर। अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री शाले मोहम्मद ने फ़तेह मंजिल में पोकरण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर काबू पाने में नाकाम साबित हुई है। पेट्रोल, डीजल, गैस के भाव में बढ़ोतरी हो रही है, केंद्र सरकार अंकुश लगाने में फेल साबित हुई है। बढ़ती महंगाई ने आमजन की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ने से परिवहन महंगा हो गया। ऐसे में हर वस्तु महंगी हो गई है। मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना बड़ी मुश्किल हो रहा है। केंद्र सरकार केवल अडानी, अंबानी के विकास पर ध्यान दे रही है। पूरे देश की जीडीपी गिर रही है लेकिन अंबानी - अडानी की संपति बढ़ रही है। मोदी को केवल इनकी ही चिंता है, देश की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार तीन काले कानून लाई किसानों, किसान संगठनों एवं कांग्रेस ने विरोध किया। किसान लंबे समय तक धरने पर डटे रहे। 7 सौ के करीब किसानों ने शहादत दी। अन्नदाताओं के पक्ष में पूरा देश खड़ा रहा, आख़िरकार मोदी सरकार को काले कानून वापस लेने पड़े। सच्चाई एवं किसानों की जीत हुई। देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस की ओर से जयपुर में 12 दिसंबर को रैली आयोजित की जा रही है। जिसमें कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी शामिल होंगे। क्षेत्र के कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एकजुट होकर अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर महंगाई का विरोध करें। केन्द्र सरकार को महंगाई पर लगाम लगाने के लिए मजबूर करें।