सिवाना पुलिस ने फर्जी पट्टा बनाने के आरोपी को गिरफ्तार किया
शाइन टुडे@सिवाना न्यूज: सिवाना पुलिस ने 15 महीने से फरार चल रहे फर्जी पट्टा बनाने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि उक्त मामले में पादरू निवासी एक महिला ने फर्जी पट्टा बनाकर रुपये हड़पने का स्थानीय थाने में गत पन्द्रह महीने पूर्व चार नामजद आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज कराया था। जिसके तहत जगदीश पुत्र मोहनलाल दर्जी निवासी पादरू गत 15 माह से फरार चल रहा था। उक्त मामले में पुलिस ने सहायक थानाधिकारी प्रेमकुमार, कांस्टेबल कुलदीपसिंह, व सन्दीपकुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर आरोपी की खोजबीन शुरू की। तथा गुजरात राज्य के अहमदाबाद, सूरत में कई जगहों पर खोज करते हुए आखिर आरोपी जगदीश पुत्र मोहनलाल दर्जी निवासी पादरू को सूरत जिले से गिरफ्तार किया। जिसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। जहाँ न्यायाधीश ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सरकारी जमीन पर षडयंत्र पूर्वक खुद के नाम का पट्टा बनाकर आगे बेचान कर पीड़िता से दो लाख पांच हजार रुपये हड़प लिए। फिर गांव छोड़कर फरार हो गया था।
