पाली/ जैसलमेर। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी रहे एवं कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता मोहब्बत सिंह निंबोल का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। निंबोल उस वक्त लसाड़िया में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा, चुनाव सहित अन्य जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी अजय माकन, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पाली के जिला प्रभारी मंत्री व अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद, पुखराज पाराशर, पूर्व संसदीय सचिव दिलीप चौधरी सहित अन्य नेताओं ने जैतारण के निंबोल गांव स्थित उनके निवास स्थान पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की एवं परिजनों को ढांढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मोहब्बत सिंह ने कम उम्र में ही समर्पित एवं अनुशासित होकर कांग्रेस संगठन के लिए बहुत उम्दा काम किए। उनको जो जिम्मेदारी दी, पूर्ण निष्ठा के साथ उसे निभाने में शिद्दत से काम किए। जीवन के अंतिम पल तक वे संगठन के लिए कार्य करते रहे। ऐसे कार्यकर्ता के असामयिक निधन पर संगठन को बड़ी क्षति हुई है। उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती।
प्रभारी मंत्री व अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि निंबोल कांग्रेस के एक सच्चे कार्यकर्ता थे, उन्होंने ता उम्र कांग्रेस की मजबूती के लिए काम किए। उनका असामयिक निधन न केवल परिवार बल्कि कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति है।
