धान की फसल के लिए किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार
मोकलसर / लतीफ खान
मोकलसर: प्री मानसून बारिश के बाद किसानों को अब क्षेत्र में मानसून के पहुंचने का इंतजार है। मानसून के आगमन और अच्छी बारिश के बाद ही क्षेत्र में कृषि कार्य शुरू होने के आसार नजर आ रहे हैं। मानसून के नहीं पहुंचने के कारण कृषि कार्य शुरू नहीं हो सका है और किसानों को कृषि कार्य शुरू करने के लिए अच्छी बारिश का इंतजार है।
जून माह लगभग बीत गया है और क्षेत्र में मानसून ने अब तक दस्तक नहीं दी है। इसके चलते खेत अब भी सूने हैं। क्षेत्र के किसान मानसून के आने का इंतजार कर रहे। किसानों ने खेती कार्य शुरू नहीं किया है। हालांकि क्षेत्र में प्री मानसून के चलते कुछ बारिश जरूर हुई है। कृषि कार्य शुरू करने के लिए किसान इसे पर्याप्त नहीं बता रहे हैं, और उन्हें अच्छी बारिश का इंतजार है।
मोकलसर के कृषक कपूराराम सोलंकी ने बताया कि प्री मानसून के चलते बारिश हुई है, लेकिन बहुत कम बारिश हुई है। जिले के अन्य क्षेत्रों में जरूर कुछ बारिश हुई है, जो कृषि कार्य शुरू करने के काफी नहीं है। किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार है। बारिश के बाद ही खेतों की जोताई का कार्य किया जाएगा। वही कृषक गणेशाराम ने बताया कि इस बार अच्छी बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है, लेकिन अब तक क्षेत्र में मानसून नहीं पहुंचा है। बारिश के अभाव में कृषि कार्य शुरू नहीं किया गया है। दो-तीन अच्छी बारिश के बाद ही कृषि कार्य शुरू हो सकेगा। साथ ही कृषक विरमाराम ने बताया कि प्री मानसून में इस बार बहुत ही कम बारिश हुई है। जमीन पूरी तरह से सूखी हुई है और सूखी भूमि पर हल नहीं चलाया जा सकता है। अब तक मानसून पूरी तरह से आया नहीं है, ऐसी स्थिति में खेत की जुताई नही की जा सकती। वही नेमाराम ने बताया कि मेने खरीफ फसल के लिए पूरी तैयारी कर ली है। लेम्पस से बीज, खाद व दवाइयां ले आए हैं और अब बारिश का ही इंतजार है। बारिश होने के बाद ही कृषि कार्य में तेजी आ सकेगी और किसान खेतों में नजर आएंगे।