मंत्री ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जयपुर/ पोकरण; अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री शाले मोहम्मद ने मंगलवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा के दौरान नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना, आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री 15 सूत्री कार्यक्रम, कारोबारी ऋण, एज्युकेशन ऋण वितरण करने में ढिलाई को लेकर अधिकारियों को फटकारा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट घोषणा में अल्पसंख्यक समुदायों के उत्थान एवं समावेशी विकास के लिए विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित करने की घोषणा की है। पूर्व में भी बहुत सी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिनकी मॉनिटरिंग समय पर कर योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन करें ताकि अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर करें; अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ मंत्री शाले मोहम्मद ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, बजट घोषणाओं का समय पर क्रियान्वयन करें, ताकि सरकार की मंशा अनुरूप अक्लियत के लोगों का उत्थान किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले बजट घोषणाओं के कार्यों, आवासीय विद्यालय, छात्रावास, मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना के भवन निर्माण के कार्यों में गति लाकर समय पर पूरा करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
